Saturday, October 12, 2024

लड़कियो ! हँसो

लड़कियो, सुनो
हँसो
हँसती रहो इसी तरह
तुम्हारे हँसने से होगी दुनिया रौशन
 
तनी मुट्ठियों का जवाब —
तुम्हारी हँसी
पूर्वजाओं के आंसुओं का प्रतिकार —
तुम्हारी हँसी
हम कायरों की कविता का मखौल — 
तुम्हारी हँसी ।

–– सुनील श्रीवास्तव

Thursday, October 10, 2024

गुलामी

 

 




 

मनुष्य के कल्याण के लिए

पहले उसे इतना भूखा रखो कि वह औऱ कुछ

सोच न पाए

फिर उसे कहो कि तुम्हारी पहली जरूरत रोटी है

जिसके लिए वह गुलाम होना भी मंजूर करेगा

फिर तो उसे यह बताना रह जाएगा कि

अपनों की गुलामी विदेशियों की गुलामी से बेहतर है

और विदेशियों की गुलामी वे अपने करते हों

जिनकी गुलामी तुम करते हो तो वह भी क्या बुरी है

तुम्हें रोटी तो मिल रही है एक जून ।

 –– रघुवीर सहाय

Monday, October 7, 2024

हँसती हुई लड़कियाँ

 


हँसती हुई लड़कियाँ

कितनी अच्छी लगती हैं!

 

जैसे सारे गम को भुलाकर

दुनिया को कह रही हों

जिन्दगी बहुत कठिन है

लेकिन है बहुत सुन्दर

इसलिए एक बार अपने गम भुलाकर

हँसो हमारे साथ ।

 

संघर्षों से रहित जिन्दगी

नहीं चाहिए हमें

इस दुखभरी, कठिन जिन्दगी को

हँसती हुई लड़कियों की तरह खूबसूरत बनाना होगा

जिसमें सभी हँस सके

खिल खिलाकर

लड़कियों की तरह ।

 

सबको निश्छल होकर

हँसना सीखना होगा

खिल खिलाकर

हँसती हुई लड़कियों की तरह ।

 

जितनी दुनिया पुरुषों की है

उतनी दुनिया लड़कियों की भी है

अपने हक के लिए

संघर्ष में लगी लड़कियाँ

निश्छल और मन की बहुत साफ होती हैं

उन्हें कुछ नहीं चाहिए

बस थोड़ा प्यार माँगती हैं लड़कियाँ

इसलिए थोड़े में खुश हो जाती हैं

और खिल खिलाकर

हँस देती हैं प्यारी लड़कियाँ ।

–– सुनीता शर्मा

x

Wednesday, October 2, 2024

बईमान प्रार्थनाएँ


 अषाढ़ के महीने में

ये पक्के रंग वाली मेहनतकश औरतें

मय परिवार उजाड़ आयीं हैं

अपना डेरा–डंडा

 

बूढ़–पुरनियाँ, बच्चा–बुतरू सब लेकर

घर झारकर उठ आयीं हैं

बहुत दूर

 

मंदिर के पीछे

और मंदिर से दूर

 

तालाब के किनारे

और तालाब से दूर

 

निखहरे लेटी हुई हैं इनकी बुढियाएँ

आसमान ताकते हुए

जिनकी आँखों के लिए इस उम्र में भी

दिन में देखा गया सपना ही है

दो मुट्ठी भात

 

सांप बिच्छू के दिन में

घास पर नंगे ही सोए हुए हैं

उनकी गोद के बच्चे

 

जिनकी सांसें उनकी पसलियों के बीच

अटक–अटक कर चल रही है

यह देखने के लिए

नहीं चाहिए किसी डॉक्टर की नजर

 

खड़ी दोपहर में

बाल–बच्चों को छोड़

घुटने भर कीचड़ में कछोटा मारकर

उतर जाती हैं

 

बाढ़ उतर जाने के बाद

कमर तोड़कर रोपती हैं धान

 

खुली भूख लिए

आधा पेट खाती हैं

गीत गाती हैं

 

और घोंघे और जोंक के दिए घावों को

गिने बिना ही

सो जाती हैं खुले आसमान के नीचे

बदले में

 

उनके आँचलों में पलट दिया जाता है

सूंड़ी, सुरसुरियों और मूस की लेडियों से भरा हुआ अनाज

गाय–भैंसों ने फेर लिए हैं जिनसे मुँह

 

भादो तक खुले आसमान के नीचे

अपने प्रवास के बाद

लौट जाती हैं अपने देस

 

उनके हाथों में छोटी–छोटी पोटलियाँ हैं

जिनमें एक भी पोटली

कृतज्ञता की नहीं

 

फसल लहलहा जाती है

जोत मालिक

आसमान की तरफ उठाता है हाथ

और उस ईश्वर को देता है धन्यवाद

जिसके पसीने की एक बूंद तक नहीं टपकी है

उसके खेत में

 

अपनी प्रार्थना में अर्पित कर देता है

रोपनिहारिनों के हिस्से की सब कृतज्ञताएँ

 

और मैं सोचती हूँ कि

इन पेट–कटवा बईमानों का

कौन सा बईमान ईश्वर है!

जो स्वीकार करता है बईमान प्रार्थनाएँ

और हड़प जाता है मेहनतकशों का हिस्सा

बिना हिचके और बिन सवाल किए!!

–– कविता कादम्बरी

x

Tuesday, October 1, 2024

मैंने तोड़ी से सदियों से सीखी चुप्पी

 

मैं आजाद होना चाहती हूँ

इसका अर्थ यह तो नहीं,

मैं तुमसे मुक्त होना चाहती हूँ

न ही आजाद होने का अर्थ है

तुम्हारे प्यार से मुक्त होना

मैं तो बस

प्यार करने की हकदार होना चाहती हूँ

खुद प्यार करना चाहती हूँ

 

मैंने कब नकारे हैं रिश्ते ?

कब तोड़े हैं नेह के धागे ?

मैंने तो तोड़ी से सदियों से सीखी चुप्पी

पूछा है गार्गी का सवाल, माँगा है तर्क का जवाब

इसका यह अर्थ तो नहीं तुम दे दो मुझे शाप

कि भंग हो गया है आस्था का कौमार्य

कि टूट गया है विश्वास का पुंसत्व

 

रिश्ता कहीं बेड़ी न बन जाय

मैं तो बस

बाखबर होशियार रहना चाहती हूँ

शापों की श्रृंखला का बहिष्कार करना चाहती हूँ!

–– रमणिका गुप्ता

x

Thursday, September 26, 2024

भारतीय महिला आन्दोलन : अवलोकन

 


जब से पितृसत्ता ने समाज व्यवस्था को जकड़ा है, तब से ही गुलाम बनी महिलाएँ कभी खुले तो कभी अप्रत्यक्ष तौर से अपना विरोध दर्ज कराती आ रही हैं। यह विरोध कभी व्यक्तिगत तो कभी सामूहिक रहा है। सत्ता के चाटुकार इतिहासकारों ने लगातार इस विरोध को नकारा, नजरअन्दाज किया और छुपाया है, जिसके चलते इतिहास के पन्नों में महिला विरोध के प्रमाण ढूँढना मुश्किल है। न सिर्फ इतिहास में, बल्कि वर्तमान में भी महिलाओं के विरोधी स्वर को दबाने की चैतरफा कोशिश जारी है। पर यह आवाज न तब दब सकी थी, न अब दब सकेगी।

वैसे तो समाज में ढेरों असमानताएँ हैं और बराबरी के लिए संघर्ष जारी है, पर जब बात महिलाओं के संघर्ष की आती है तो हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि महिलाएँ कही न कहीं पुरुषों से ज्यादा संगठन भावना रखती हैं। अनौपचारिक रूप से महिलाएँ आपसी रिश्तों में परस्पर सहयोग का प्रदर्शन रोज ही करती रही हैं। चाहे वह पुराने जमाने में जंगल से लकड़ी या पानी लाना हो, या आज के समय में बच्चा पालने में एक–दूसरे की मदद करना, एक–दूसरे से ढेरों व्यंजन और नुस्खे सीखना–सिखाना। महिला समूह स्वत: ही समाज में मौजूद है। इसी समूह की ताकत से महिलाओं ने हर कालखण्ड में अपने प्रति होने वाले भेदभाव और अन्य सामाजिक बुराइयों से डटकर लोहा लिया है, ढेरों आन्दोलनों में भागीदारी भी की है।

भारतीय महिला आन्दोलन के मुद्दे अलग–अलग दौर में अलग–अलग रहे हैं, जिन्हें इस लेख में दौर के अनुसार ही अंकित किया जा रहा है।

प्राचीन काल में महिला–संघर्ष

लगभग 600 ईसा पूर्व का ‘बौद्ध गाथा’ नामक पद्य–संकलन जो पालि भाषा में उपलब्ध है, उसमें ‘भट्टा’ नाम की बौद्ध भिख्खुनी ने आम जिन्दगी की घुटन और आजादी की अपनी इच्छा को इन शब्दों में व्यक्त किया है––

कितनी आजाद हूँ मैं! कितनी अनोखी है आजादी!

तीन तुच्छ वस्तुओं से मुक्त–

मुक्त ओखली, मूसल और अपने टेढ़े मालिक से,

पुनर्जन्म और मृत्यु से मुक्त हूँ मैं,

जिस तमाम ने दबाए रखा था मुझे,

वो सब अब दूर फिक चुका है।”

इसी तरह संगमकाल (100 ईसा पूर्व से 250 ईसा पूर्व) में तमिल भाषा में ओवइयर कुरुनटोक ने नारी पीड़ा से उपजे क्रोध को कुछ इस तरह व्यक्त किया है–

इन लोगों पर हमला करूँ, इन्हें मार दूँ मैं?

मुझे मालूम नहीं,

या कोई कारण खोजकर जोर से चिल्लाकर बुलाऊँ

इस सोते शहर को

जो मेरी पीड़ा नहीं जानता

जब कि बहती हवा गोल घूमती

मुझे इधर–उधर खींचती है।’

मध्यकाल में महिला–संघर्ष

मध्यकाल में कई विख्यात महिलाएँ हुईं जिन्होंने समाज के बने–बनाये ताने–बाने को चुनौती देते हुए एक नयी लकीर खींचने का प्रयास किया जिनमें मीराबाई, सहजोबाई, महादेवी अक्का, रतनबाई, गुलबदन बेगम, चैंद्रबौती आदि कुछ प्रमुख नाम हैं।

बारहवीं सदी में महादेवी अक्का ने दक्षिण–भारत में भ्रमण करते हए, नग्नावस्था धारण कर, समाज की अवधारणाओं का कड़ा विरोध किया और जाति–प्रथा की तीखी आलोचना की।

पन्द्रहवीं सदी में मीराबाई ने विवाह जैसी रूढ़िवादी सामाजिक संस्था का विरोध किया और महलों के भोग–विलास को छोड़कर पितृसत्ता को गहरी चुनौती दी। इसी सदी में मराठी शूद्र जनाबाई जो एक सम्पन्न घराने में दासी का काम करती थीं, वह बोलती हैं––

हाथ में मंजीरे, कंधे पे वीणा

कौन मुझे रोकने की हिम्मत कर सकता है?

साड़ी का पल्लू गिर जाता हैय

हजार बात बनाते हैं लोग,

किन्तु मैं जाऊँगी भरे बाजार में, नि:संकोच, निडर’

महिला संघर्ष का राष्ट्रवादी आन्दोलन के रूप में विकास

अट्ठारहवीं–उन्नीसवीं सदी में भारत पर जब अंग्रेजी–शासन की छाया फैलने और गहराने लगी तब महिला संघर्ष ने नया मोड़ ले लिया। देश की आजादी की लड़ाई को महिलाओं ने अपनी आजादी के साथ जोड़कर स्वतंत्रता संग्राम में शानदार तरीके से भाग लिया।

कित्तूर की रानी चेनम्मा ने 23 अक्टूबर 1824 को अपने साहस और सूझबूझ से कित्तूर किले पर अंग्रेजों के आक्रमण को नाकाम कर दिया था। आज भी दक्षिण भारत में 23 अक्टूबर को कई लोग ‘महिला दिवस’ के रूप में मनाते हैं।

सिर्फ रानियाँ ही नहीं, आम स्त्रियों ने भी इस महासंग्राम में कुछ कम योगदान नहीं दिया।

कानपुर की नर्तकी अजीजनबाई गुप्त समाचारों को सेनानियों तक पहुँचाने, योद्धाओं को हथियार पहुँचाने जैसे काम करती थीं। उन्होंने अन्य महिलाओं को प्रशिक्षण देकर ‘मस्तानी टोली’ का निर्माण किया। अन्त में अंग्रेजों ने उन्हें गोली मार दी।

1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मुजफ्फरनगर की ग्रामीण महिलाओं ने पुरुषों के साथ मिलकर अंग्रेजों का विरोध किया तो उन्हें फाँसी पर लटकाया गया, जिनमें आशा देवी, भगवानी, हबीबा, इन्द्रकौर आदि के नाम हमें उस समय के रिकॉर्ड में मिलते हैं।

विद्रोह की ज्वाला में अनेक महिलाओं ने अपनी आहुति दी। इनमें ज्यादातर अनामिकाएँ थीं। स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अधिकतर रानी–महारानी और नेतृत्व देनेवाली महिलाओं को ही विशेष स्थान मिला। किन्तु उनकी बहादुरी के कारनामों के पीछे हजारों–लाखों साधारण महिलाओं की शक्ति और जुझारुपन की कहानियाँ छिपी हैं।

स्वतन्त्रता आन्दोलन के दौर में भीकाजी कामा, प्रीतिलता वाडेकर, कल्पना दत्त, लक्ष्मी सहगल आदि ने सशस्त्र हमलों में भाग लिया और भूमिगत कार्रवाइयों में भी सक्रिय रहीं।

दुर्गा भाभी, जो भगत सिंह, सुखदेव और चंद्रशेखर की सहायिका रहीं, उन्होंने क्रान्तिकारियों का समर्थन करते हुए बहुत जोखिम उठाया। 1932 में उन्होंने बम्बई के पुलिस कमिश्नर पर गोली तक चलायी। उन्हीं की एक साथी सुशीला दीदी जिन्होंने काकोरी कांड के कैदियों के मुकदमे के लिए अपना संजोया हुआ दस किलो सोना दे दिया। यही नहीं, सिख लड़के का भेष धारण करके उन्होंने बम बनाना भी सीखा।

सामाजिक सुधार आन्दोलन

विद्रोहों में अपनी सहभागिता से महिलाओं ने अपनी प्रतिष्ठा जरूर बना ली थी पर समाज और परिवार में पुरुषों के मुकाबले उन्हें दोयम दर्जा ही मिलता रहा। धीरे–धीरे महिलाओं ने इसके लिए भी आवाज उठायी।

सावित्रीबाई फुले ने महिलाओं की शिक्षा के लिए संघर्ष किया और अपने पति ज्योतिबा फुले और सास सगुनाबाई के साथ मिलकर 1848 में भारत के पहले महिला विद्यालय की स्थापना की और भारत की पहली अध्यापिका बनीं।

पण्डिता रमाबाई ने भी नारी शिक्षा, बाल–विवाह, जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद की और अपनी किताब ‘स्त्री धर्म नीति’ और ‘हाई कास्ट हिन्दू वुमन’ के माध्यम से ब्राह्मणवाद और पितृसत्ता को जोरदार चुनौती दी।

वहीं 1905 में पंजाब की पार्वती देवी ने बिना पर्दे, बिना दहेज और जाति के बाहर विवाह किया। वह अपने गाँव में कन्या पाठशाला की अध्यापिका थीं। वह जगह–जगह सभाओं में खुलेआम पर्दा–प्रथा और छुआछूत के खिलाफ बोलती थीं। अंग्रेजों के खिलाफ काम करने के लिए छ: बार जेल भी गयीं। उन्होंने ‘राष्ट्रीय महिला समिति’, ‘कुमारी सभा’ और बच्चों की ‘वानर–सेना’ खड़ी की। उनकी अगुआई में महिलाएँ विदेशी वस्त्रों और शराब की दुकानों पर धरने देतीं और जुलूस निकालतीं। उन्होंने ‘भारत छोड़ो आन्दोलन’ में सक्रिय भूमिका निभायी।

1917 में महिलाओं की एक मण्डली ने भारतीय महिलाओं की स्थिति में सुधार लाने के लिए ‘चेम्सफोर्ड कमेटी’ के सामने कुछ माँगें रखीं। इस मण्डली में सरोजनी नायडू और बारह अन्य महिलाएँ शामिल थीं। मण्डली ने महिलाओं के लिए शिक्षा की सुविधाएँ, स्वास्थ्य, जच्चा की सुविधाएँ और मताधिकार की माँगें सामने रखीं।

1920–21 में बम्बई में महिलाओं ने शराब की दुकानों पर धरने दिये। इसी दौर में महिलाओं ने ‘राष्ट्रीय स्त्री सभा’ की स्थापना की, जिसने महिलाओं के हक में आवाज तो उठायी ही, हरिजनों के लिए विद्यालय भी खोले। इस सभा ने खादी के लिए पूरी बम्बई में अभियान छेड़ा और हड़तालें आयोजित कीं।

1930–31 के नमक आन्दोलन में महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व अभूतपूर्व थे, इसमें लगभग 17 हजार महिलाओं को जेल–यात्रा करनी पड़ी थी।

1941 में दिल्ली में लगभग 20,000 छात्राओं ने जुलूस निकाला। अनेक छात्राओं ने घरेलू बन्धन तोड़े और पर्दा–प्रथा का विरोध किया।

बंगाल में वामपंथी महिलाओं ने ‘महिला आत्मरक्षा समिति’ का गठन किया जो देश की रक्षा, महिलाओं की रक्षा जैसे मुद्दों पर सभाएँ, नुक्कड़ नाटक, गाने और जुलूसों के साथ लोगों को जागरूक करने का काम करती थी। विश्व युद्ध के समय, बंगाल का अकाल पड़ा तो 1943 में कलकत्ता में पाँच हजार महिलाएँ राज्य सरकर तक अपनी खाद्य–आपूर्ति की माँग लेकर गयी थीं। भूख से बिलखते बच्चे अपने साथ चिपकाए बंकुरा की 400 महिला किसान इसी माँग के साथ जिला अध्यक्ष के दफ्तर तक जुलूस निकालते हुए गयीं। पूरे बंगाल में अकाल–पीड़ितों की आवाज गूँजने लगी। खाने के साथ कपड़े का भी संकट था। इस दौरान ‘महिला आत्मरक्षा समिति’ द्वारा अकाल राहत कार्य आयोजित किया गया, जिसमें घर, कपड़ा, खाना और बीमारों की सेवा के लिए इन्तजाम किये गये। 1944 तक इस संगठन में 43,500 सदस्याएँ हो गयी थीं।

1945 में किसान सभा के प्रोत्साहन से बंगाल के किसानों ने ‘तेभागा आन्दोलन’ छेड़ दिया। उनकी माँग थी कि किसान को खेत में उपजी फसल का आधा हिस्सा न मिलकर, दो–तिहाई हिस्सा मिलना चाहिए। इसमें महिलाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ठाकुरगाँव की कामरेड दीपेश्वरी ने पुलिस पर लाठी से हमला करके उन्हें भगा दिया।

1946 में कोयम्बटूर कपड़ा मजदूरों की हड़ताल में महिला श्रमिकों ने जमकर हिस्सा लिया और पुलिस की गोली तक सही। शोलापुर के कपड़ा मिलों के संघर्ष में मीनाक्षी सोने ने नेतृत्व किया। उन्होंने बीड़ी मजदूरों के बीच भी काम किया।

समकालीन महिला आन्दोलन

1947 के बाद के दो दशक महिला आन्दोलन के लिए ठहराव का समय रहा। किन्तु इनमें भी महिलाओं ने कई महत्वपूर्ण काम किये। देश के विभाजन के समय जब साम्प्रदायिक हिंसा, कत्ल, बलात्कार और लूटमार का दौर चल रहा था, तब महिलाओं ने शरणार्थियों के लिए व्यवस्थाएँ जुटाने का काम किया।

1948 में तेलंगाना में वामपंथी दलों ने दलित–मजदूर वर्ग की संगठित शक्ति को निजाम, जमींदार और साहूकारों के खिलाफ खड़ा किया। इस संघर्ष में कॉमरेड स्वराज्यम, अखल्ला कमला देवी, सरोजिनी आदि शामिल थे। इस दौरान हजारों महिलाओं ने सशस्त्र सैन्य बल का सामना भी किया। इस आन्दोलन में ‘महिला संघम’ की सदस्यता चालीस हजार से ऊपर थी।

1950 के दशक में गाँधीवादी पक्ष से भूदान आन्दोलन छेड़ा गया जिसमें ‘कस्तूरबा महिला उत्थान मण्डल’, कुमाऊँ की संचालिका सरला, महिलाओं को इकट्ठा कर पहाड़ी इलाकों की पदयात्रा पर निकल पड़ीं और गाँव–गाँव घूमकर लोगों को भूदान का संदेश दिया।

आजादी के बाद महिला आन्दोलन धीमा जरूर पड़ा, पर 1970 का दशक आते–आते यह आन्दोलन एक बार फिर नये तरह से रंग जमाने लगा।

चिपको आन्दोलन में उत्तरांचल की ग्रामीण महिलाओं ने स्वत: स्फूर्त तरीके से जंगलों के संरक्षण के लिए अपनी जान तक की बाजी लगा दी। पेड़ों को काटे जाने के विरोध में महिलाएँ पेड़ों से चिपक गयीं और बोली–– “जंगल हमारी माँ है। पहले हमें काटो, फिर पेड़ों को।”

बड़े बाँधों के निर्माण के खिलाफ भारी संघर्ष हुए। टिहरी गढ़वाल इलाके में टिहरी बाँध परियोजना की खिलाफत के दौरान ग्रामीण जनता ने विरोध प्रदर्शन किया। दूसरी तरफ नर्मदा पर सरदार सरोवर बाँध परियोजना के विरुद्ध भी आवाज उठने लगी। बाँध पर काम कुछ दिन स्थगित रहता, फिर चालू हो जाता। इनमें आदिवासी महिलाओं ने अहम भूमिका अदा की।

इसी तरह कर्नाटक का अपिक्को आन्दोलन था जिसमें महिलाओं ने अपने सामुदायिक और पारिवारिक जीवन की रक्षा के लिए आन्दोलन किया।

इसी दशक में महिलाओं ने महँगाई–विरोधी अभियान छेड़ा। इस अभियान का सबसे मजबूत रूप महाराष्ट्र में देखने को मिला जहाँ समाजवादी दल की मृणाल गोरे, अहल्या रागनेकर और अन्य नेत्रियों ने हजारों महिलाओं को इस मुद्दे पर संगठित कर दिखाया। इसमें भारी संख्या में घरेलू महिलाओं ने भी भाग लिया। हाथ में बेलन पकड़कर महिलाओं ने दूसरे हाथ में थाली थाम ली और थाली पीटते हुए मोर्चे पर निकल पड़ीं। कुछ इस तरह वे सड़क पर जुलूस निकालते हुए जातीं और धरना देतीं या सम्बन्धित अधिकारी का घेराव करतीं। गुजरात में इस आन्दोलन का नाम पड़ा–– नव निर्माण आन्दोलन।

1970 और 80 के दशक में अनेक स्वायत्त महिला संगठन स्थापित हुए, जिनमें बम्बई की ‘फोरम अगेन्स्ट रेप’, दिल्ली की ‘सहेली’, हैदराबाद की ‘अस्मिता’, बैंगलूर की ‘विमोचना’, तमिलनाडु की ‘पेनुरम्मा इयक्कम’, उत्तर प्रदेश का ‘महिला मंच’ आदि शामिल हैं। 1978 में हैदराबाद में रमीजा बी नामक महिला के साथ पुलिसवालों ने सामूहिक बलात्कार किया और जब उसके पति ने इसके खिलाफ आवाज उठानी चाही तो उसकी हत्या कर दी गयी। कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस काण्ड को सबके सामने उजागर किया और इस मुद्दे पर 22,000 लोगों का भारी जुलूस निकाला गया। 1980 में मथुरा नाम की लड़की से पुलिसवालों ने पुलिस स्टेशन में ही बलात्कार किया और महाराष्ट्र की उच्च न्यायालय ने आरोपियों को यह कहते हुए बरी कर दिया कि मथुरा के कई प्रेमी हैं, इसलिए वह एक चालू लड़की है। नारीवादी संगठनों ने इस फैसले का कड़ा विरोध किया। इस काण्ड से हजारों–लाखों महिलाएँ आन्दोलन से जुड़ीं। देशभर में धरने और जलसे निकाले गये। इस विरोध के फलस्वरूप बलात्कार के अन्य मामले भी अदालत पहुँचने लगे। इस संघर्ष का ही नतीजा था कि बलात्कार सम्बन्धी कानूनों में संशोधन किये गये। इसमें मुख्य था कि यदि कोई औरत या लड़की बलात्कार का मामला दर्ज कराती है, तो मुजरिम को अपनी सफाई पेश करनी पड़ेगी–– अपने को बेकसूर साबित करने का बोझ उसपर होगा न कि औरत पर।

1990 के दशक में राजस्थान की भंवरी देवी नाम की सरकारी कार्यकर्ता के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ। इसके खिलाफ देशभर की महिलाएँ फिर से एकजुट हुर्इं।

1980 और 90 के दौरान ऐसे ढेरों संघर्ष हुए जिनमें महिलाओं ने पुरुषों के साथ मिलकर कदम उठाए जैसे–– केरल में मछुआरों का संघर्ष, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में ‘निर्माण मजदूर संघ, उत्तर प्रदेश में ‘घाड़ क्षेत्र मजदूर मोर्चा’, इन सबमें महिलाओं ने श्रमिकों की हैसियत से भागीदारी की और महिला होने के नाते होने वाले विशिष्ट शोषण भी उजागर किये। महिला– स्वास्थ्य, घरेलू हिंसा आदि समस्याओं को सुलझाने के प्रयास भी इसमें शामिल हैं।

इक्कीसवीं सदी में महिला आन्दोलन

वर्ष 2004 में मणिपुर में कथित तौर पर अर्धसैनिक बलों द्वारा 32 साल की मनोरमा के साथ सामूहिक बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गयी। इस घटना के विरोध में राज्य के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और केन्द्र के खिलाफ चर्चित ‘मदर्स प्रोटेस्ट’ हुआ जिसमें मध्यम उम्र की घरेलू महिलाएँ शामिल थीं। उन्होंने इम्फाल में अपने वस्त्र उतारकर नग्न प्रदर्शन किया। उनके हाथ में ‘इण्डियन आर्मी रेप अस’ (भारतीय सेना हमारा बलात्कार करो!) और ‘इण्डियन आर्मी किल अस’ (भारतीय सेना हमें मार दो) के बैनर थे। इस प्रदर्शन ने सरकार–प्रशासन के साथ पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस विरोध प्रदर्शन में 73 वर्ष की एक बुजुर्ग महिला थोकचम रमानी भी शामिल थीं। हालाँकि मनोरमा के लिए यह मदर्स प्रोटेस्ट बहुत देर से आया पर इसने असम राइफल्स को चार महीने बाद फोर्ट (मुख्यालय) खाली करने के लिए मजबूर कर दिया।

2012 में दिल्ली में एक मेडिकल छात्रा के साथ बलात्कार और नृशंस हिंसा की घटना के बाद दिल्ली ही नहीं पूरा देश एकजुट हो उठा। घटना के विरोध में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में स्कूल–कॉलेज की लड़कियों से लेकर हर उम्र की महिलाएँ इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुर्इं। इस घटना के बाद कानूनों में कई बदलाव किये गये–– जिनके अनुसार किसी महिला को गलत तरीके से छूना, उससे छेड़छाड़ करना और अन्य किसी भी तरीके से यौन शोषण करना भी रेप में शामिल कर दिया गया है। इस घटना के बाद ही पॉस्को कानून बना।

2019 में दिल्ली के ही शाहीन बाग में महिलाओं ने हजारों की संख्या में शांतिपूर्वक धरना दिया। यह धरना नागरिकता संशोधन अधिनियम के पारित होने और जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्रों के खिलाफ पुलिस के हस्तक्षेप के जवाब में शुरू हुआ जिसमें मुख्य रूप से मुस्लिम महिलाएँ शामिल थीं। यह धरना मार्च 2020 तक चला जिसे सरकार ने गिरफ्तारियाँ और बल प्रयोग कर खत्म कर दिया।

2020–2021 में हमारे देश के किसानों ने जब सरकार के कृषि विरोधी तीन काले कानूनों के खिलाफ मोर्चा सम्भाला तो महिलाओं ने न सिर्फ इस आन्दोलन में बराबर की भागीदारी की, बल्कि पुरुषों की ताकत बनकर, मोर्चे पर डटे घर के पुरुषों को हिम्मत दी और उनके पीछे से घर और खेती भी सम्भाली। यह आन्दोलन महिला–पुरुष के आपसी तालमेल का अभूतपूर्व उदाहरण बन कर उभरा।

दिल्ली में ही पिछले वर्ष महिला पहलवानों के संघर्ष ने भी महिला आन्दोलन को एक नया आयाम दिया है।

महिला आन्दोलन की कोशिश है कि जाति, वर्ग और लिंग के भेदभाव की जड़ को टटोलकर, उसे उखाड़ फेंकना। जाहिर है, इस समानता के बिना महिलाओं की मुक्ति नामुमकिन है। हालाँकि अभी हम अपनी मंजिल से बहुत दूर हैं, पर हमारी मंजिल स्पष्ट है। हर प्रकार के भेदभाव के खिलाफ, हर प्रकार की गुलामी के खिलाफ, हर प्रकार के अन्याय के खिलाफ हमारा संघर्ष जारी है और हमारी मंजिल है सिर्फ समता पर टिका समाज!

हाँ, एक और जंग सही! पर आत्मसमर्पण नहीं।

–– अपूर्वा

Monday, September 23, 2024

महिलाओं का संघर्ष : “एक निजी और सामाजिक यात्रा”

विश्व में हर बार 8 मार्च को अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन पूरी दुनिया में लैंगिक समानता, महिलाओं के अधिकार, महिलाओं की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियों का जश्न मनाया जाता है। इतिहास के नजरिये से देखें तो 1909 में पहली बार अमेरिका में सोशलिस्ट पार्टी द्वारा महिला दिवस मनाया गया, जिसका प्रमुख उद्देश्य महिलाओं को वोट देने का अधिकार दिलाना था। वह इसमें सफल भी रही। तब वहाँ महिलाओं को वोट देने का अधिकार मिला और उन्हें एक नागरिक समझा जाने लगा। ये सभी बातें हमारे स्कूल के पाठ्यक्रम में भी शामिल हैं।

इस पाठ्यक्रम का हमारे जीवन से क्या रिश्ता है, इसको समझने के लिए छात्राओं ने महिला दिवस को समाज से जोड़ने का निर्णय किया। हमने इसके लिए छात्रों और शिक्षकों की एक बैठक की, जिसमें हमने तय किया कि हम महिला दिवस का कार्यक्रम किसी गाँव में करेंगे। उसके लिए लोगों को इकठ्ठा कैसे करेंगे? हमें इसके लिए किस गाँव को चुनना चाहिए? अगर हम किसी गाँव को चुन रहे हैं तो उसको चुनने के क्या–क्या नुकसान और क्या–क्या फायदे हैं? इत्यादि बातों को ध्यान में रखकर हमने ‘बडावद गाँव’ को चुना। अब इस गाँव को चुनने के बाद हमारे सामने यह समस्या आयी कि इतनी दूर औरतों को कैसे इकट्ठा किया जाये? फिर शिक्षकों और छात्रों ने इस समस्या को सुलझाने के लिए एक बैठक की, उस बैठक से यह विचार निकलकर आया कि हम अपनी बात को लेकर गाँव के प्रत्येक घर में जायें।

हमने अलग–अलग समूह बाँट लिये। हमारे अलग–अलग समूह गाँवों में जाते और 8 मार्च अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के बारे में बताते। महिलाओं को बडावद गाँव (बागपत) के लिए आमन्त्रित करते।

इसी तरह से जिस समूह में मैं थी, वह समूह गुराना गाँव में गया था। गुराना गाँव में हमने लोगों के घरों में जाना शुरू किया। वहाँ कभी कोई हमारी बात सुनता, तो कोई हमारी पूरी बात सुने बिना ही मना कर देता। किसी को यह भी लगता कि हम स्कूल की तरफ से प्रवेश दिलाने के लिए आये हैं, हम लोगों को बताते की हम स्कूल से नहीं आये हैं, हम आपको महिला दिवस के लिए आमन्त्रित करने आये हैं। वैसे तो गाँव में घूमते समय हर घर की महिला की जिन्दगी की एक कहानी थी। मैं गुराना गाँव के एक घर की कहानी साझा कर रही हूँ, जिसने हमें पूरी तरह से झकझोर दिया कि आज भी औरतें इस तरह से दमघोंटू जीवन जी रही हैं।

जैसे ही हमने उस घर का दरवाजा खटखटाया अन्दर से दो आदमियों की आवाज आयी, आ जाओ। एक कड़क आवाज के साथ उन्होंने हमारा स्वागत किया। हम घर के अन्दर गये, तो हमें चारपाई पर बैठे हुए दो बुजुर्ग मिले जिनकी उम्र करीब 65–70 साल तक होगी। वे हमें ऐसे घूर रहे थे, जैसे कि हमने उनका कुछ छीन लिया हो। हमने उन्हें नमस्कार कर कहा कि हमें आप के घर की औरतों से मिलना है, आपकी इजाजत चाहिए। वह ताऊजी कहने लगे कि इजाजत की क्या? आप अन्दर चले जाओ। एक तो यही बरामदें में सो रही होगी। जैसे ही हम घर के अन्दर बढ़े, एक माँ जी छत से हँसते हुए बोलीं, ‘बेटे––– हमसे मिलकर क्या करोगे? अब हमारी उम्र स्कूल में पढ़ने की नहीं रही’। मैंने उनसे कहा कि आप एक बार नीचे उतर कर हमारी बात तो सुनो, वह नीचे आयीं और अपनी सोती देवरानी को भी उठा दिया।

हम उनसे बात करने लगे। जब हमने उन्हें भरोसा दिला दिया कि हम कोई बाहर से नहीं हैं, आपकी ही बेटी की तरह हैं, तब वह हमें अपनी आप बीती बताने लगीं कि बेटा हम आप के साथ बडावद गाँव में कैसे जा पाएँगी? आपको सामने चारपाई पर बैठे जो दो बुड्ढे नजर आ रहे हैं, इसमें एक मेरा और एक मेरी बहन का पति है। ये हमें कहीं नहीं जाने देते। सिर्फ अपने साथ खेतों पर काम करवाने के लिए ले जाते हैं। वे महिलाएँ कहने लगीं कि अगर हमारे पड़ोस में कोई मर जाये, तो उन्हें भी हम देखने नहीं जा सकतीं, अगर ये सो रहे हों, तब हम भले ही चोरी से चली जायें और अगर कभी किसी से बात कर लें और इन दोनों भाइयों में से किसी एक को भी पता चल जाये, तो दूसरा उसको बता देता है। फिर हमारी पिटाई होती है।

जहाँ पर हम बैठ कर बात कर रहे थे उसके पास उन महिलाओं की बहुओं के कमरे थे। हमारी बातें सुनकर वे भी बाहर आ गयीं और कहने लगीं कि इतना ही नहीं अगर हमारा बच्चा बीमार हो जाये तो भी हम दवा लेने नहीं जा सकती। कहते हैं कि बच्चों की दवा का तो बहाना है, पर्स टांग कर घूमने जाना है। माँ जी की तो जिन्दगी गुजर गयी, इनके बेटे जिनके साथ हमारी शादी हुई है वे भी ऐसे ही हैं। अगर हम बीमार हो जाएँ तो हमें छूकर देखते हैं कि सच में बीमार हैं, या बहाना बना रही हैं।

तब तक उनकी छोटी बहू बोली कि मैं आप को एक घटना बताती हूँ कि लोग तो आज कल सारी चीजें ऑनलाइन मँगाते हैं। मैंने एक दिन सेनेटरी पैड मँगा लिया, जब तक हमारे कमरे में घुसकर देख नहीं लिया तब तक माने नहीं। देखने के बाद भी मान जाते ऐसा भी नहीं हुआ। उसके बाद हमें बहुत ज्यादा खरी–खोटी सुनायी और पूरे घर को सिर पर उठा लिया। आप लोगों को तो इसलिए आने दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि आप लोग बच्चों को स्कूल में ले जाने के लिए आये हैं। अगर यह पता होता कि आप हमें बुलाने आयी हैं तो आप को गेट में भी न घुसने देते। इस घर में लड़की पैदा होना तो जुल्म है। हम लोग जब उठकर चलने लगे तो उन चारों महिलाओं ने हमारा हाथ पकड़ लिया कि थोड़ी देर और बैठ लो, पहली बार हमारी बात सुनने के लिए कोई आया है। तब तक उसकी बड़ी बहन बोली कि बेटा हमारा नसीब खराब था कि हमारी दोनों की शादी इस घर में हुई।

एक तरफ तो हमें ऐसी महिलाएँ दिखती हैं जो माउंट एवरेस्ट पर जा रही हैं दूसरी तरफ औरतें घरों में कैद हैं। हमें दोनों के बीच एक बहुत चैड़ी खाई नजर आती है।

अब मैं आप लोगों से दूसरे गाँव की महिलाओं की बात साझा करती हूँ। हमें एक ऐसी महिला मिली जिसका बीएड पूरा होते ही शादी कर दी गयी थी। उसके बाद वह नौकरी करना चाहती थी। लेकिन परिवार वालों ने उसे नौकरी नहीं करने दी। उसका कहना था कि मैं डिग्री लेने के बाद घर वालों की सेवा–टहल कर रही हूँ। बीएड करके नौकरी करना तो बस मुझे एक सपना सा लगता है।

इसी तरह से हमने कुल 9 गाँवों की महिलाओं से सम्पर्क किया, जिन गाँवों में हमारे शिक्षक–छात्र गये थे। हमने आपको अलग–अलग घटनाएँ बतायीं, यह उन सभी महिलाओं की थी जो अभी किसी न किसी तरह से घरों में कैद हैं, लेकिन आजाद होना चाहती हैं।

मैं आपको एक और महिला का अनुभव साझा करूँगी जो सरकारी डॉक्टर है। वह बता रही थी कि वह नौकरी तो करती हैं लेकिन उस पैसे को अपनी मर्जी से खर्च नहीं कर सकती। उन्होंने बताया कि जब वह गर्भवती थी, उस समय कुछ अलग–अलग चीजें खाने का मन करता था। जब उनकों नौवाँ महीना लगा, उनका मन सेब खाने को मचल रहा था। उन्होंने अपने पति से कहा कि मेरा सेब खाने का मन है, उनके पति ने चोरी से एक सेब लाकर दिया। घर वालों के चलते वह भी उनको नसीब नहीं हुआ। वह महिला यह बात बताते समय भावुक हो गयी।

जब हम गाँवों में गये तो हम बहुत सारे मामलों से रूबरू हुए जिनके बारे में हमने कल्पना भी नहीं की थी। एक सप्ताह गाँवों में घूमने के बाद हम बडावद गाँव पहुँचे, 8 मार्च अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस का कार्यक्रम करने। जब हमने महिला दिवस मनाने का सोचा था तो बहुत सारे लोगों ने हमें हतोत्साहित किया कि कार्यक्रम में महिलाएँं आयेंगी ही नहीं, इसलिए कार्यक्रम को लेकर हम बहुत आशान्वित नहीं थे।

साढ़े बारह बजे तक सिर्फ इक्का–दुक्का महिलाएँ ही आयीं। हमारे चेहरे पर उदासी आने लगी कि हमारी इतनी मेहनत के बाद भी हम महिलाओं को एकजुट नहीं कर पायें। लेकिन जैसे ही एक बजा कि हमें महिलाओं की भीड़ नजर आने लगी। किसी गाँव से बस से तो किसी गाँव से रिक्शा भर–भर कर महिलाएँ आने लगीं और देखते ही देखते हमारे अनुमान से दोगुनी महिलाएँ कार्यक्रम में शामिल हुर्इं।

हमने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम शुरू किया जिसमें हमारे पास तीन महिलाएँ ऐसी थीं जो अपनी जिन्दगी में संघर्ष करती हुई आगे बढ़ीं और किसी तरह से यहाँ तक पहुँचीं। इसी तरह से अलग–अलग महिलाओं ने अपना संघर्ष साझा किया। मुश्किलें कितनी भी आयीं और अगर महिलाएँ किसी भी काम को सफल बनाने का निर्णय कर लें, तो वह उसे सफल बना सकती हैं। सभी एक दूसरे से यह चर्चा कर रही थीं कि हमारे जीवन में ऐसी कौन–कौन सी बाधाएँ हैं, जो हमें हमारी उड़ान भरने से रोकती हैं। हर एक के चेहरे पर एक नई चमक दिख रही थी। उन सभी महिलाओं को इस तरह देखकर हमारे मन में और भी उत्साह आ गया और फिर हम सब ने अपनी महिला साथियों के साथ मिलकर एक गाना गाया––

इसलिए राह संघर्ष की हम चुने,

जिन्दगी आँसुओं में नहायी न हो।

इस गाने के साथ पूरे हॉल में आवाज बुलन्द हो गयी और उस दिन सब ने संघर्ष की ओर कदम बढ़ाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। हम कई औरतों से मिलीं–– जो नौकरी कर रही हैं उनसे भी और उनसे भी जो पढ़ने के बाद आज भी घरों में कैद हैं। हमें यह समझ आया कि हम पूरी तरह से तभी आजाद हो सकती हैं जब हर औरत आजादी से अपना फैसला ले सकेगी, हर पुरुष उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा। सही मायने में महिला दिवस तभी सार्थक सिद्ध होगा जब महिला अपने महिला होने पर गर्व महसूस करेगी।

इस पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्रों और शिक्षकों की महिलाओं को लेकर गहरी समझदारी बनी। छात्र–शिक्षक महिला उत्पीड़न और शोषण से परिचित हुए। असली जिन्दगी की ये हकीकतें टेलीग्राम, इन्स्टाग्राम और फेसबुक की चमकती दुनिया से बाहर हैं।
–– नीतान्शी
x

Friday, September 20, 2024

लम्बी दूरी

 

    शाम को जब शहाना अपने काम से घर वापस आयी तो उसने देखा कि अब्बा बहुत गहरी सोच में बैठे हुए हैं। इतनी गहरी सोच में कि उन्हें उसके आने की आहट तक न हुई। उसने अपनी सोयी हुई बेटी को धीरे–से प्यार किया और पानी पीने चली गयी। फिर उसने अब्बा से पूछा, “अब्बा, खाने में आज क्या बनाऊँ?

    अब्बा अभी तक किसी चिन्ता में खोये बैठे हुए थे। शहाना ने धीरे से अब्बा के कंधे पर हाथ रखा तो अब्बा ऐसे चैंक पड़े जैसे अभी नींद से जागे हों।

    तू कब आयी?अब्बा ने पूछा।

    अभी कुछ देर पहले” शहाना ने जवाब दिया।

    तू मुझसे कुछ कह रही थी बिटिया?

    हाँ, मैं तो खाने के लिए पूछ रही थी कि आज खाने में क्या बनाऊँ, पर आप न जाने कौन–सी चिन्ता में डूबे हुए हैं कि मेरी बात ही नहीं सुनते!”

    चिन्ता तो सता रही है बिटिया, दो महीने से घर का किराया नहीं दिया, आज चैधरी फिर किराया माँगने आया था...”

    बात को बीच में ही काटते हुए वह बोल पड़ी “उफ्फ, कहने को तो यह मकान मस्जिद के नाम है, मगर एक महीने का किराया चढ़ जाए तो इसकी देख–रेख करने वाले खाते–पीते लोगों को सब्र नहीं होता।”

    हाँ..., कह रहा था, मस्जिद में कुछ मरम्मत करानी है। अब बताओ तो जरा, इतनी आलीशान मस्जिद बनी हुई है भला उसमें किस बात की कमी है? अभी तो कोई कमी नजर नहीं आती। फिर भी इन लोगों को उसमें मरम्मत कराने की पड़ी रहती है। हमारे टॉयलेट पर किवाड़ नहीं लगवा रहे हैं। हमें पर्दे से काम चलाना पड़ रहा है। लेकिन इन लोगों को वह कमी, कमी नहीं लगती और महीना पूरा होते ही किराया चाहिए। चैधरी साहब कह कर गये हैं... अगर इस महीने किराया नहीं दिया तो यह घर खाली कर देना। मेरा तो दिमाग खराब हो रहा है।... तेरा जो मन है तू बना ले।”

    शहाना भी विचारों में डूबी हुई चूल्हे की तरफ बढ़ी और चूल्हे पर दाल चढ़ाकर अपनी सोयी हुई बच्ची के पास जाकर लेट गयी। वह सोच रही थी कि इस मकान में 10 कमरे हैं। किसी भी कमरे की फर्श पक्की नहीं है, कच्ची ही जमीन है। इसमें रहने वाले किसी भी किराएदार को किचन नसीब नहीं है। सभी को अपने आँगन में ही खाना बनाना पड़ता है। टॉयलेट–बाथरूम पर किवाड़ नहीं है, पर्दा डाला हुआ है। किसी दिन बहुत तेज हवा चलती है तो नहाना या टॉयलेट में जाना बहुत मुश्किल हो जाता है। जो लोग इसका किराया लेने आते हैं उनको यह कमियाँ दिखायी ही नहीं देतीं! यह सब सोचते–सोचते वह अपने अतीत में खो गयी। उसको वे सारी चोटें याद आ गयीं जो उसने अपने बचपन से लेकर शादीशुदा जिन्दगी तक खायी थीं।

    शहाना बचपन से ही अपने अम्मा, अब्बा और बहन–भाइयों के साथ इसी घर में रही थी। अब्बा रिक्शा चलाते थे। दो भाई और चार बहनों में वह सबसे छोटी थी। चार बहनें होने की वजह से अब्बा को हमेशा यह चिन्ता सताती रहती थी कि खाने को तो है नहीं, बेटियों की शादी के लिए दहेज का इन्तजाम कैसे होगा। दहेज नहीं दिया तो कौन करेगा उनकी बेटियों से शादी। दूसरे लोग तो इतना दहेज दे रहे हैं फिर भी ससुराल वाले उनकी बेटियों को ताना देते रहते हैं। उन्हें तो मकान का किराया जुटाने के लिए ही हाड़–तोड़ मेहनत करनी पड़ती है। दहेज कैसे इकट्ठा करूँगा। इन्हीं चिन्ताओं ने अब्बा को वक्त से पहले बूढ़ा कर दिया था।

    बड़ी बहन की उम्र भी शादी के लायक हो रही थी, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति देखकर कोई उनके यहाँ रिश्ता करने को तैयार नहीं था। एक दिन बड़ी बहन का रिश्ता आया भी तो दो बच्चों के बाप से। अब्बा ने पहले तो मना किया, लेकिन अपनी स्थिति को देखते हुए शादी कर दी। कुँवारी बच्ची दो बच्चों के बाप से ब्याह दी, यह सोच–सोच कर एक दिन अब्बा को दिल का दौरा पड़ गया। इलाज भी मोहल्ले वालों ने चन्दा करके कराया। इधर अम्मा भी इसी चिन्ता में घुट रही थी कि बाकी तीन बेटियों की शादी कैसे होगी? क्या उन्हें भी ऐसे ही बेमेल या कुछ कमी वाले लड़कों के साथ ब्याहना पड़ेगा!

    उनके घर की यह हालत देखकर दोनों फुफ्फों ने बहुत सादे तरीके से बिना दहेज के दो बेटियों से अपने बेटों की शादी कर दी। पूरा परिवार अब थोड़ी सुकून की साँस ले रहा था। लेकिन वे भूल गये थे कि अब्बा की बहनें भी तो इसी समाज का हिस्सा हैं। कुछ दिनों तक दोनों बहने अपने ससुराल में खुश रहीं, लेकिन कुछ दिनों बाद फुफ्फों ने भी सास बनकर ताना देना शुरू कर दिया। वह कहती कि अगर वह अपने बेटों की शादी किसी दूसरे घर में करतीं तो उनको खूब दहेज मिलता। यह सुनकर भी बहुएँ कोई जवाब न देती थीं, क्योंकि तानों और दिन भर गुलामों की तरह काम करके उनको दो वक्त का खाना मिल जाया करता था। अपने घर आतीं तो शायद अब्बा उनको इतना भी न खिला पाते। आस–पड़ोस के लोगों के ताने भी अब्बा को मार डालते। जैसे–तैसे दोनों बहनें अपनी ससुराल में अपनी जिन्दगी गुजार रही थीं।

    कुछ साल बीतने के बाद शहाना का भी रिश्ता आया। वह अभी केवल पन्द्रह साल की थी। लड़के वालों की आर्थिक स्थिति इनसे कुछ ठीक थी। लड़के में भी कुछ कमी नहीं थी। उनका कहना था कि वह किसी अपने जैसे घर में ही रिश्ता करना चाहते हैं। उनको लड़की वालों से कुछ नहीं चाहिए, सिवा लड़की के। अब्बा ने पन्द्रह दिन के अन्दर ही उसकी शादी कर दी।

    लेकिन ससुराल वालों ने बहू के रूप में उसे एक गुलाम बना कर रखा। वह ठीक है या नहीं, किसी को परवाह नहीं होती थी। उन्हें केवल घर का काम कराना था। यहाँ तक कि उसके शौहर को भी उसकी कोई परवाह नहीं थी। उसे भी केवल उसके साथ सोने से मतलब था। शादी के कुछ दिन बाद वह गर्भवती हुई। उसकी सास यह सोचकर खुश थी कि उसके आँगन में अब उसका पोता खेलेगा। पोती भी आँगन में खेल सकती है यह किसी ने नहीं सोचा, क्योंकि पोती तो किसी को चाहिए ही नहीं थी।

    शहाना तो माँ बनने वाली थी, उसे बेटा या बेटी से कोई मतलब नहीं था। वह अपने होने वाले बच्चे के बारे में सोचकर खुश थी। नौ महीने पूरे हुए और डिलीवरी का समय आ पहुँचा। सब की आँखें बेसब्री से डॉक्टर को ढूँढ रही थीं कि कब डॉक्टर आकर बोले कि पोता आया है। आखिर कुछ घंटे इन्तेजार करने के बाद नर्स ने आकर बताया कि बेटी हुई है। बेटी को गोद में लेकर बहुत खुश हुई थी शहाना, लेकिन उसे कहाँ पता था कि उसकी बेटी को ये लोग बोझ समझेंगे।

    बेटी हुई है,” सुनकर कोई भी उसके पास बेटी को देखने तक नहीं आया। उसने कुछ खाया है या नहीं या वो कैसी है, यह किसी ने नहीं पूछा। यहाँ तक कि बेटी का बाप भी उसके पास नहीं आया, न ही शहाना का हाल–चाल पूछा। सासू माँ ने अपने बेटे से बोल दिया कि फेंक आ दोनों को उसके मायके, बेटे ने वैसा ही किया। अस्पताल से जल्द से जल्द छुट्टी करा कर शहाना और उसकी बेटी को उसके मायके छोड़ आया।

    अब्बा बूढ़े होने के कारण अब पहले से कम कमाते थे। भाइयों की शादियाँ हो चुकी थीं। भाई अलग मकान में रहते थे। अब अम्मा और अब्बा जैसे–तैसे अपना गुजारा कर रहे थे। अब्बा उन्हें देखकर बहुत खुश हुए। दामाद के सर पर हाथ फेरा, उसकी बच्ची को प्यार किया और शहाना को गले लगाया, लेकिन जैसे ही उनका दामाद अनवर उसे छोड़कर जाने लगा, अब्बा के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गयी। खुद खाने को तो है नहीं, जच्चे–बच्चे को कैसे खिलाएँगे। शाम को शहाना ने अब्बा को सारी बात बतायी तो अब्बा फूट–फूट कर रोने लगे। उस रात अम्मा, अब्बा और शहाना, तीनों में से कोई नहीं सोया।

    अब्बा कर्ज लेकर उसकी दवाई और खाने–पीने का इन्तजाम कर रहे थे।

    दो महीने बीत गये। एक दिन अनवर घर आया और शहाना से घर चलने को बोला। वह और उसकी अम्मी बहुत खुश हुए। अब्बा उस वक्त रिक्शा चलाने गये हुए थे। शाम को अब्बा वापस आये तो अनवर को देखकर खुश हुए। अनवर उसे अपने साथ घर ले आया। उसे लगा कि शायद दादी का मन बदल गया है इसलिए पोती को घर बुला लिया। शायद सासू माँ की नाराजगी खत्म हो चुकी हो, लेकिन वह गलत थी। उसे केवल एक नौकरानी की हैसियत से घर बुलाया गया था।

    वह अपनी छोटी सी बच्ची को चारपाई पर लिटाकर पूरा दिन घर के काम करती, बच्ची भूख से घंटों रोती–बिलखती रहती। अगर वह बच्ची के पास जाने की कोशिश करती तो पास में ही चारपाई पर बैठी सास चिल्लाकर कहती, “रोने दे, तू अपना काम कर, रोने से यह मर नहीं जाएगी।”

    बच्ची की तबीयत शुरू से ही ठीक नहीं रहती थी और ठीक से देखभाल न होने के चलते वह सूखती ही जा रही थी। अभी बच्ची चार महीने की ही हुई थी कि शहाना फिर से गर्भवती हो गयी। अपनी बच्ची की बिगड़ी हुई सेहत देखकर उसने अनवर से अबॉर्शन की बात की। इतना सुनते ही अनवर उस पर भड़क कर बोला, “तेरा दिमाग खराब है क्या? अगर यह बेटा हुआ तो... यह बेटा ही होगा। कोई जरूरत नहीं है दवाई खाने की।”

    उस दिन उसे एहसास हुआ कि औरतों को अपनी मर्जी से चलना तो दूर, उसको जाहिर करने का भी हक नहीं होता। वह कर भी क्या सकती थी? बच्चा पलने दिया पेट में। वह पेट से है यह बात सुनकर सासू माँ भी अब थोड़ा सीधे मुँह बात करने लगी। घर का माहौल उसके लिए कुछ ठीक हुआ। यह अच्छे दिन भी उसकी किस्मत में कहाँ थे! नौ महीने बीते और दूसरी बार भी बेटी हुई। एक तरफ शहाना बेटी को लेकर खुश थी, तो दूसरी तरफ अब्बा के घर फेंके जाने का डर उसकी रूह कँपा रहा था।

    बच्ची में खून की कमी है” डॉक्टर ने बताया, पर इससे किसी को कोई फर्क नहीं पड़ा, क्योंकि सबको लड़का चाहिए था। पेट में पलने वाला बच्चा लड़की है यह अनवर को पहले पता होता तो दोनों को उसी दिन मार डालता जिस दिन शहाना ने उसको अपने गर्भवती होने की खबर दी थी।

    इस बार भी अनवर उसे दोनों बेटियों के साथ मायके छोड़ आया। उस दिन अब्बा के घर में जैसे मातम छा गया। पहले वाला कर्ज न चुका पाने की वजह से इस बार उधार मिलना भी मुश्किल था। अब्बा जैसे–तैसे शहाना और उसकी बच्चियों को पाल रहे थे।

    खाने की कमी के चलते माँ के दूध से बच्ची का पेट नहीं भरता था। फिर क्या, वही हुआ जिसका डर था। एक दिन बच्ची को दस्त और उल्टियाँ शुरू हुई और उसकी जान लेकर ही थमी। उस दिन शहाना ने अनवर को कई बार फोन किया। बहन से भी फोन करवाया, पर न उसने फोन उठाया और न ही वापस फोन किया। जैसे–तैसे मोहल्ले वालों ने खबर भिजवायी। उसने सोचा था कि बाप है, दिल पसीज जाएगा।

    अनवर लोक–लाज के डर से जनाजे पर तो आया, पर शहाना का हाल–चाल तक नहीं पूछा। उसकी सूनी आँखें अनवर को आखिर तक निहारती रहीं। उसकी एक नजर के लिए तरसती रहीं, पर उस पत्थर दिल को कोई फर्क नहीं पड़ा। वह जैसे आया वैसे ही वापस चला गया।

    वह रोती–बिलखती अपने मायके में पड़ी रही।

    उस दिन शहाना जी भर के रोयी। अपनी सारी तकलीफ, सारा दर्द और सारा डर उसने उन आँसुओं में बहा दिया। जी भर के रो लेने के बाद उसने अपने आँसू पोंछे और अपनी जिन्दगी का फैसला खुद ही करने के बारे में सोचा। उसने तय किया कि वह मोहल्ले की दूसरी मजदूर औरतों के साथ काम पर जाएगी। उसने सोचा कि औरतों को भी अपनी जिन्दगी अपने तरीके से जीने का हक है।

    काम पर जाने के उसके एक फैसले ने उसकी और उसकी बच्ची की जिन्दगी बदल दी। उसने पॉलिथीन बनाने की फैक्ट्री में जाकर मजदूरी करनी शुरू कर दी। उसके बाद उसने मुड़ कर कभी अपने ससुराल वालों की तरफ नहीं देखा। वह अब अपने और अनवर के बीच के लम्बे फासले को खत्म नहीं करना चाहती थी। अब वह अपनी बच्ची को प्यार से पाल–पोस रही थी और फैक्ट्री में मजदूरी करके अपने अब्बा का सहारा भी बन गयी थी।

    अम्मी...ओ अम्मी” बच्ची ने आवाज दी।

    हम्म... हाँ बेटा, मैं यही हूँ” शहाना को लगा जैसे वह गहरी नींद से जागी हो।

    अम्मी, मुझे भूख लगी है।”

    शहाना ने अपनी बच्ची को प्यार किया और उसके लिए खाना लाने चली गयी।

–– शहरीन