Tuesday, January 23, 2024

दिल्ली से तुंगनाथ : मेरी पहली घुमक्कड़ी की दास्तान

 

वर्ष 2022, अप्रैल का महीना था। मैं अपने दोस्तों से अक्सर ट्रैक और पहाड़ों की बातें सुनती रहती थी, लेकिन कभी जा नहीं पायी थी। पहाड़ों का नाम आते ही मेरे दिमाग में बचपन की आर्ट की क्लास में जो झोपड़ी के पीछे पहाड़ बनाते थे, उनकी ही तसवीर उभर आती थी। साँस–सम्बन्धी परेशानी होने के चलते भी थोड़ा डर–सा लगा रहता था कि पहाड़ कैसे चढ़ पाऊँगी! खैर, दिमाग में एक जद्दोजहद तो चलती ही रही पर इस महीने जाने का बिल्कुल मन बना लिया था। हम पाँच लोगों की टोली– सनी, मोहित, यामिनी, ललित और मैं, हमने तुंगनाथ जाने का तय किया और अपना–अपना बैग लेकर बस–अड्डे के लिए निकल पड़े। मेरा मन मानो अभी से उड़कर पहाड़ों पर पहुँच गया था। जैसे ही हमारे जाने के बारे में मुक्ता यानि वेरा को पता लगा, बिलकुल आखिरी मिनट पर उसने भी हमारे साथ चलने का फैसला कर लिया और अपने पिता जी को साथ लेकर अपने जरूरी सामान का बैग पीठ पर लटकाकर हमें बस–अड्डे पर ही मिली। मुझे वेरा को देखकर बहुत खुशी महसूस हो रही थी। अब हम छ: लोगों की टोली चली घूमने।
वेरा मुझसे उम्र में छोटी है लेकिन यात्रा के अनुभव में मुझसे बड़ी है। रात के नौ बजे बस रवाना हुई। बस में सीट तो पाँच ही बुक थीं। अब छठवीं सीट के नाम पर दरवाजे के पास वाला एक तख्ता मिला। मैं और वेरा पास–पास बैठे। यामिनी की सीट पीछे थी। हमारे बाकी तीन साथियों ने रात–भर बारी–बारी करके उस तख्ते पर बैठकर एक सीट की कमी को झेला, हमारी बारी ही नहीं आयी।
वेरा ने मुझे खिड़की के पास वाली सीट ऑफर कर दी क्योंकि शायद वह भी अन्दाजा लगा चुकी थी कि पहली बार घूमने जाने पर मन की स्थिति क्या होती है। पूरी रात कभी मेरे कन्धे पर सर रख लेती तो कभी बातें बनाने लगती। ज्यादातर यात्री हिलते–डुलते कभी सो जाते तो कभी बातों में लग जाते। ड्राइवर साहब को भी नींद न लगे और उनका सफर भी बढ़िया रहे, इसके लिए साथी लोग उनके पास बैठकर भी बतियाने लगते। हरिद्वार से आगे जब बस एक पेट्रोल पम्प पर रुकी तो हम सब भी बस से उतरे और वहाँ से मैंने पहली बार पहाड़ देखा। मौसम हल्का सर्द हो चला था और मैं तो जैसे किसी सपने के पीछे चल रही थी। बस और आगे पहुँची तो पहाड़ और ज्यादा नजर आने लगे। भोर की नींद मुझे पुचकार रही थी लेकिन इस खूबसूरत सफर का एक भी दृश्य मैं छूटने नहीं देना चाहती थी, सो, उनींदी आँखों को कभी खिड़की पर टिकाये तो कभी वेरा के कन्धे पर, मैं हर एक पेड़, हर एक मोड़ को निहारती जा रही थी।
अब बस गोल–गोल घूमते हुए पहाड़ चढ़ रही थी। ऐसा लग रहा था मानो पहाड़, पेड़, भोर की सनसनाहट सब मेरा स्वागत कर रहे हों। पहाड़ अपनी विशाल भुजाएँ फैलाए मुझसे पूछ रहे हों कि अब तक मैं क्यों नहीं आयी? जैसे–जैसे हमारी बस उपर की तरफ चढ़ रही थी, एक के बाद एक पहाड़ करीब आते जा रहे थे। पहाड़ो के पीछे से निकलता हुआ सूरज ऐसा लग रहा था जैसे नींद से जगाये जाने पर कोई धीरे–धीरे आँखे खोलता है। एक तरफ पहाड़ तो दूसरी तरफ गहरी खाई देखकर डर भी लग रहा था किन्तु मन–ही–मन खुशी भी हो रही थी। पहाड़ों की ठण्डक और एक अलग ही खुशबू आ रही थी।
हम रुद्रप्रयाग पहुँचे फिर श्रीनगर और फिर कुण्ड। वहाँ बस ने हमें उतार दिया। यहाँ से 35 किलोमीटर दूर था–– चोपता जहाँ हमें जाना था। बस अड्डे से हमने चोपता के लिए टैक्सी ली। चोपता पहुँचकर हमने कमरा लिया, खाना खाया और थोड़ा आराम करके सबने तय किया कि तुंगनाथ चलते हैं, आज ही। एक दिन बच जायेगा उसमें दिनों में दूसरी जगह घूम लेंगें। यह दोपहर के बाद का समय था और कुछ लोग हमें जाने से मना भी कर रहे थे।
चोपता से हम लोग तुंगनाथ के लिए चलने को तैयार हो गये। सबने अपने जरूरत के अनुसार छोटे बैग, पानी की बोतलें आदि ले लीं। और रास्ते के लिए फ्रूटी और चाकलेट भी ले लिया। पहाड़ों के गावों में घरों की संख्या ज्यादा नहीं होती है। मुझे यह जानकर अचम्भा हुआ कि दस घरों का भी एक गाँव हो सकता है। और पहाड़ तो ढलान के आकार में होते हैं तो यह घर टेढ़े हो कर गिरने का खतरा भी रहता होगा। पहाड़ों पर जो पेड़ उगे थे, वह तो सीधे खड़े थे, वे टेढे क्यों नहीं थे? वहाँ का बाजार कुछ अलग सा था। वहाँ के बैंक, सरकारी दफतर समतल जगहों के मुकाबले बहुत छोटे थे। घरों की छतों पर गाड़ियाँ खड़ी होती हैं। यहाँ का स्कूल कैसा होगा, बच्चे कैसे पहाड़ से अकेले चढ़ कर जाते होंगे, लोग नौकरी करने कहाँ जाते होंगे, अस्पताल कहाँ–कहाँ होंगे, बीमार को लेकर पहाड़ कैसे चढ़ते होंगे, ऐसे ढेरों सवाल मन में आ–जा रहे थे। मैं बस सब जान लेना चाहती थी। खैर यह सब पता करने के लिए तो ज्यादा घूमना पड़ेगा, लोगों से मिलना पड़ेगा, उनके साथ रहकर ही इन सब सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
तुंगनाथ मन्दिर 3640 मीटर की ऊँचाई पर बना हुआ है। थोड़ा सा चलते ही साँस फूलने लगी। बाकी सब का भी यही हाल था। उन्हें देखकर कुछ तसल्ली हुई कि मैं अकेली नहीं हूँ। आगे बढ़ते ही सुन्दर लाल फूलों के गुच्छों से लदे पेड़ दिखने लगे जो रास्तों में कुछ यों बिखरे थे मानो हमारे स्वागत में किसी ने फूलों से रास्ता सजाया हो! दोस्तों ने बताया कि यह बुरांश है–– उत्तराखंण्ड का राजकीय वृक्ष और नेपाल का राष्ट्रीय फूल। मैं तो बस आँखों में नजारे समेट लेना चाहती थी। हम जैसे–जैसे उपर चढ़ रहे थे, एक तरफ की खाई गहरी होती जा रही थी और साथ ही मेरा डर भी। हम पहाड़ों को पार कर रहे थे। बीच–बीच में खूबसूरत बुग्याल भी आये। बुग्याल माने घास के हरे–भरे मैदान जिनमें घास के साथ ही जंगली फूलों की भी चादर बिछी होती है। वहाँ हमने खूब फोटो लिये और हरी घास में लेटकर आसमान को निहारा। तभी अचानक मौसम खराब होने लगा। बारिश से बचने के लिए हम एक छायादार जगह पर आ गये। थोड़ी ही देर में वहाँ रुई जैसी बर्फ गिरने लगी। पहली बार मैंने बर्फबारी होते देखी। हम खुशी से चिल्ला पड़े और नाचने लगे। मेरे तरह ही ललित का भी यह पहला ट्रेक था। चारों तरफ हरे–भरे पहाड़ और जैसे–जैसे ऊँचाई बढ़ रही थी बुरांश के फूल अपना रंग बदल रहे थे। मौज–मस्ती करने में हमने अपना काफी समय गवाँ दिया था और अभी बहुत रास्ता बाकी था, इसलिए हम शॉर्टकट लेकर उपर चढ़ने लगे, बिलकुल बन्दरों की तरह!
अब तुंगनाथ हमसे करीब सौ मीटर ही दूर था। अचानक मौसम फिर बदल गया। बहुत तेज तेज हवाएँ चलने लगीं और बर्फ गिरने लगी। जल्दी–जल्दी चलकर हम तुंगनाथ पहुँचे। वहाँ शेड के नीचे और भी लोग थे। अब ठण्ड भी बढ़ गयी थी। दाँत किटकिटा देने वाली ठण्ड हो गयी थी। थोड़ी देर बाद बारिश रुक गयी और मौसम फिर से साफ और सुहाना हो गया। सनी ने जोर से आवाज लगाकर पूँछा कि कोई और भी है जो चलेगा चन्द्रशिला? बैठे हुए लोगों में गुजरात से आये हुए लोगों का एक ग्रुप था, वे तैयार हो गये। दोनों टोलियाँ अब चलने को तैयार थीं, अपने–अपने सामान के साथ। चन्द्रशिला का रास्ता सँकरा था। एक के पीछे एक ही चल सकता था। मस्ती करते हुए हम चलते रहे। अपनी मंजिल से करीब 50 मीटर ही दूर थे कि मौसम फिर बिगड़ने लगा। यामिनी हम सबसे आगे थी। और थोड़ा तेज चलकर वह चंद्रशिला की चोटी पर पहुँच गयी। बचे हम पाँच और वह गुजराती ग्रुप। तेज बर्फ की आंधी चलने लगी। ऐसा लग रहा था जैसे कोई जोर–जोर से थप्पड़ मार रहा हो। एक दूसरे की आवाज भी मुश्किल से सुनाई पड़ रही थी। तुरन्त हम लोगों ने वापिस नीचे जाने का फैसला लिया। यामिनी तक आवाज न पहुँच पाने के कारण सनी उसको बुलाने ऊपर चला गया। तब तक हम उन लोगों के इन्तजार में धीरे–धीरे चलने लगे। चारों तरफ बर्फ ही बर्फ थी। दूर दूर तक कोई घर नहीं, कोई छत नहीं, कोई पेड़ नहीं।
अचानक से जोर का शोर हुआ और लगा कि हम सबको किसी ने जोर से धक्का मारा है और हम घुटनों के बल पहाड़ की ओर जा गिरे। कुछ समझ नहीं आया। ललित ने कहा कि मुझे मार क्यों रहे हो, मैं चल तो रहा हूँ। इतने में मोहित ने कहा कि जल्दी नीचे उतरो बिजली गिर रही है। हम लोग उठे और तेजी से नीचे की ओर चल दिये। थोड़ा सा चले कि बिजली फिर से कड़की और मुझे गहरे नीले रंग की एक लकीर अपने ऊपर आती दिखी और हम फिर से गिरे पहाड़ की तरफ। सब शान्त था। सिर्फ प्रकृति का शोर था। मुझे लगा कि मैं मर गयी। वेरा जोर–जोर से चिल्लाने लगी। ललित और मोहित उठे और वेरा को चुप कराने लगे, इतने में सनी और यामिनी भी दौड़कर आ गये। सनी और यामिनी के उपर भी बिजली गिरी। मोहित, ललित, वेरा सबके अपने–अपने अनुभव हैं। मुझे वेरा के रोने की आवाज आयी। मैंने देखा कि वेरा रो रही है और बाकी सब उसे चुप करा रहे हैं। मैं खुश थी कि मैं जिन्दा थी और हम सब ठीक थे, किसी को कुछ नहीं हुआ था। हमें नया जीवन मिला। बारिश–आँधी–तूफान की वजह से रास्ते फिसलन भरे हो चुके थे, काफी मुश्किल से हम नीचे आये। चेहरे पर हवाइयाँ उड़ी हुई थीं और हम एक–दूसरे का हाथ थामे तुंगनाथ तक पहुँचे।
 वापसी के रास्ते में गुजराती ग्रुप के एक लड़के की हिम्मत टूट चुकी थी। उसने नीचे जाने से इनकार कर दिया। ललित ने उसकी हिम्मत बढ़ाई और उसका हाथ पकड़कर फिसलन भरा बर्फीला रास्ता पार करवाया। तुंगनाथ में कई लोग मिले। उन्होंने हमारा हाल–चाल पूँछा और हमें रेनकोट भी दिये। ठण्ड बहुत बढ़ चुकी थी। हमारे हाथ ठण्ड से जम गये थे और उंगलियों ने हिलने की क्षमता खो दी थी। हमने अपने हाथों को रगड़कर गर्म किया। हम ज्यादा देर वहाँ नहीं रुके और बिगड़ते मौसम को देखकर बाकी सब भी नीचे की ओर चल दिये। डर भरे माहौल को हल्का करने के लिए हमने सोचा कि क्यों न एक गाना गा लिया जाये। उस परिस्थिति में हमने एक गीत शुरू किया–
तू जिंदा है, तो जिन्दगी की जीत पर यकीन कर
अगर कहीं है स्वर्ग तो उतार ला जमीन पर–––
ये गम के और चार दिन सितम के और चार दिन
ये दिन भी जायेंगे गुजर, गुजर गये हजार दिन–––
इस गाने से कुछ जोश तो आया लेकिन घुटनों का दर्द बढ़ता जा रहा था, और रुकना सम्भव नहीं था। जब भी बिजली कड़क रही थी तो ऐसा लग रहा था मानो वह हमारा पीछा कर रही हो।
 चोपता में अपने कमरे में पहुँचकर ही हमने राहत की सांस ली और चाय पी। वहाँ के लोगों ने भी हमारी खैरियत पूँछी। हम सब अपना–अपना अनुभव बाँट रहे थे कि किसको क्या–क्या महसूस हुआ। बहुत सारी बातें थीं हमारे पास। इस यात्रा के दौरान हमें एक सबक जरूर मिला कि पहाड़ों में एक निश्चित समय के बाद ऊपर नहीं जाना चाहिए और मैनें सीखा कि कैसे मुश्किलों में एक–दूसरे के साथ से हम आगे बढ़ सकते हैं। हमारा साथ और आपसी तालमेल ही था, जिसने हमें सुरक्षित रखा।

इस तरह हमने जिन्दगी के एक महत्वपूर्ण सबक के साथ, एक नयी उर्जा, भारी मन और जल्द वापिस आने के वायदे के साथ चोपता को अलविदा कहा।

–– शालू

Friday, December 29, 2023

विज्ञान और प्रौद्यौगिकी के क्षेत्र में महिलाएँ



जब हमारे सामने क्रिकेट से जुड़े किसी भी खिलाड़ी का जिक्र होता है तो हम बिना विचार किए तुरन्त सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, विराट कोहली या किसी अन्य पुरुष खिलाड़ी का नाम लेते हैंय सम्भव है कि इस सवाल के जवाब में मुट्ठी भर लोग मिताली राज, झूलन गोस्वामी या किसी अन्य महिला खिलाड़ी की भी बात करें। इसी तरह प्रसिद्ध वैज्ञानिकों की चर्चा करते हुए, हम अक्सर स्टीफेन हॉकिन्स, आइजैक न्यूटन या एपीजे अब्दुल कलाम को याद करते हैं, जबकि विज्ञान के क्षेत्र में जानकी अम्मल, असीमा चटर्जी और अन्ना मणि जैसी कई प्रमुख महिला वैज्ञानिकों ने बड़े–बड़े योगदान दिये हैं। आज के आधुनिक युग में महिलाएँ धरती से लेकर आकाश तक, हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर काम कर रहीं हैं। हालाँकि, उनके इस योगदान को पुरुषों के समान महत्व नहीं दिया जाता है, खासकर उच्च शिक्षा शोध संस्थानों और कार्यस्थलों में। ढेरों चुनौतियों के बावजूद महिला वैज्ञानिकों ने हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है, जिसमें इसरो का चन्द्रयान व मंगल मिशन, नासा और नोबेल पुरस्कार शामिल हैं।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान के एक मजबूत उदाहरण ने सामाजिक और आर्थिक रूप से गम्भीर मसले का हल निकाला है। यह उदाहरण महिला वैज्ञानिक मैरी क्यूरी के बारे में है, जिन्होंने कैंसर के इलाज में नयी तकनीकों का उपयोग करके कैंसर के लक्षणों को पहचानने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी थी, जिससे कैंसर के सही पहचान और उपचार की गति में सुधार हुआ। इस क्षेत्र में महिलाओं के योगदान का एक और प्रमुख उदाहरण हैं–– एमरी ई विन्नर, जिन्होंने नैनो टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे नैनो टेक्नोलॉजी के माध्यम से यन्त्रों का आकार बहुत छोटा करने और नये यन्त्रों का आविष्कार करने में अग्रणी रहीं। एक और प्रमुख महिला वैज्ञानिक हैं, डॉक्टर तेसला मुखर्जी, जिन्होंने कम्प्यूटर साइन्स के क्षेत्र में शानदार छाप छोड़ी। उन्होंने बड़ी संख्या में सिस्टम कोड को व्यवस्थित करने के लिए विशेष तकनीक विकसित की, जिसने कम्प्यूटर साइन्स को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभायी। इन क्षेत्रों में महिलाओं के काम ने, महिलाओं में समानता और आत्मविश्वास की भावना को प्रेरित किया, जिससे उनकी सामाजिक व आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार भी हुआ। महिलाओं ने इन क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान देकर यह साबित कर दिया कि वे किसी भी क्षेत्र में पुरुषों के साथ बराबरी से चल सकती हैं। 

यूनेस्क इन्स्टीट्यूट फॉर स्टेटिस्टिक्स रिपोर्ट के अनुसार दुनिया भर के शोध संस्थानों में कार्यरत कुल लोगों में 30 प्रतिशत से भी कम महिलाएँ हैं। भारतीय शोध संस्थानों में यह अनुपात और ज्यादा कम हैं। भारत के अनुसन्धान और विकास संस्थानों में 2.8 लाख वैज्ञानिक, इंजीनियर और प्रौद्योगिकीविद् हैं, जिनमें केवल 16 प्रतिशत महिलाएँ हैं। वहीं नेशनल साइन्स फाउन्डेशन की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में एसटीईएम (साइन्स, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथमैटिक्स) क्षेत्र में लगभग 43 प्रतिशत महिलाएँ कार्यरत हैं। हालाँकि यूरोस्टाट की रिपोर्ट के अनुसार यूरोप के कुछ देशों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की संख्या 50 प्रतिशत से भी अधिक है। 

साल 2020 में किये गये सर्वे से पता चलता है कि भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (इन्सा) के 1,044 सदस्यों में से केवल 89 महिलाएँ थीं, जो कुल संख्या का मात्र नौ प्रतिशत है। वहीं साल 2015 में उनकी संख्या और भी कम थी, जिसमें 884 सदस्यों में मात्र छ: प्रतिशत महिला वैज्ञानिक शामिल थीं। इन्सा के प्रशासनिक निकाय में साल 2020 में 31 सदस्यों में से केवल सात महिलाएँ थीं, जबकि साल 2015 में कोई महिला सदस्य नहीं थी। 

बेशक, आजकल विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में महिलाओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन इसकी रफ्तार बहुत धीमी है। भारतीय समाज में महिलाओं की भागीदारी को कम करने वाले मुख्य कारक पितृसत्तात्मक सोच, सामाजिक बाधाएँ और आर्थिक परनिर्भरता हैं। किसी महिला वैज्ञानिक को नौकरी देने या उसे नेतृत्वकारी पद प्रदान करने का निर्णय लेते समय केवल उसकी योग्यता पर ध्यान देने के बजाय उसकी पारिवारिक स्थिति, उसके जीवनसाथी का स्तर जैसे तमाम कारकों पर विचार किया जाता है। वेतन का अन्तर एक बड़ी समस्या है। संस्थानों में महिला कर्मचारी का वेतन पुरुष कर्मचारी के मुकाबले कम होता है। यह असमानता महिला वैज्ञानिकों के लिए आर्थिक और मानसिक तनाव का कारण बनती है। कई बार महिलाओं को उनके साथी पुरुषों की तुलना में कई बाधाओं का सामना भी करना पड़ता है। इसमें पदोन्नति के सीमित अवसर, नौकरी की सुरक्षा सम्बन्धी चिन्ताएँ और परियोजनाओं में समान अवसर न मिलना जैसी बाधाएँ शामिल हैं। 

वैज्ञानिक संस्थानों और उद्योगों में महिलाओं की संख्या में भारी कमी के कारण प्रबन्धन टीम में और परियोजनाओं में भी उनकी हिस्सेदारी बहुत कम होती है। कुछ मामलों में उन्हें बलात्कार, यौन उत्पीड़न तथा मानसिक उत्पीड़न तक का सामना करना पड़ता है। यह उनके आत्मसम्मान और सुरक्षा पर खतरा होता है, जिससे उनके पेशेवर विकास में दिक्कत आती है। कार्यस्थल में संस्थागत सहायता और सुरक्षा सम्बन्धी व्यवस्थाओं की कमी के कारण गर्भावस्था के दौरान महिलाओं को अपने काम बीच में ही छोड़ देने पड़ते हैं। 

भारतीय समाज में पितृसत्तात्मक सोच के चलते यह माना जाता है कि किसी भी क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन केवल पुरुषों द्वारा ही किया जा सकता है, क्योंकि उनके पास परिश्रम और विशेषज्ञता का स्तर अधिक होता है। दूसरी ओर महिलाओं को हमेशा घरेलू जिम्मेदारियों के मुनासिब समझा जाता है और उन्हें या तो घर के कामों में लगा दिया जाता है, या फिर ऐसे व्यवसाय में जिसे वह घर के कामों के साथ–साथ आसानी से सम्भाल सकें।

अगर स्कूली शिक्षा की बात करें, तो महिला और बाल विकास मन्त्रालय की एक रिपोर्ट बताती है कि माध्यमिक शिक्षा स्तर पर लड़कियों का औसतन ड्रापआउट (स्कूल छोड़ने की दर) दर 17–3 प्रतिशत और प्राथमिक स्तर पर 4–74 प्रतिशत है। इसका मुख्य कारण यह है कि गाँवों में घरों से स्कूलों की दूरी अधिक होती है, जिस वजह से लड़कियाँ स्कूल नहीं जा पाती हैं, अगर किसी तरीके से चली भी जाती हैं तो स्कूलों में महिला शिक्षकों के न होने पर या फिर महिला शौचालयों के अभाव में भी स्कूल छोड़ना पड़ता है। देश में सर्वशिक्षा अभियान के तहत बनाये गये प्राथमिक स्कूलों की हालत खराब हो चुकी है क्योंकि सरकारें प्राइवेट शिक्षा को बढ़ावा दे रही हैं। प्राइवेट स्कूलों की भारी–भरकम फीस चुका पाना मेहनत–मजदूरी करने वाले माता–पिता की पहुँच से बाहर है। प्राइवेट संस्थान शिक्षा के नाम पर अपनी जेबें भर रहे हैं। 

कुल मिलाकर यह कहना गलत नहीं होगा कि महिलाओं ने अपनी मेहनत और आविष्कारों से विज्ञान में अपनी पहचान बनायी है, लेकिन आज की महँगी शिक्षा, देश की बहुतायत जनता की पहुँच से बाहर होती जा रही है, खासकर लड़कियों की, जिससे वह विज्ञान और शिक्षा जैसे कई क्षेत्रों में पीछे होती जा रही हैं।

इस सामाजिक–राजनीतिक व्यवस्था में महिलाओं को दबाकर रखा जाता है, अत: हमें ऐसी व्यवस्था बनाने की जरूरत है जहाँ महिलाओं और पुरुषों में कोई भेदभाव न हो। यह तभी हो सकता है जब मौजूदा व्यवस्था को बढ़ावा न देकर बराबरी और न्याय पर आधारित व्यवस्था कायम हो। 

–– तसमिया फलक